
Hindustan Zinc News : हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के राजपुरा-दरीबा कॉम्प्लेक्स में 50वां खान सुरक्षा सप्ताह सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। महानिदेशालय खान सुरक्षा (DGMS), नॉर्थ-वेस्टर्न जोन, उदयपुर के मार्गदर्शन में यह आयोजन सिंदेसर खुर्द खान और राजपुरा-दरीबा माइंस में संपन्न हुआ।
सप्ताहभर चले इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सुरक्षित कार्यप्रणालियों को प्रोत्साहित करना और खनन गतिविधियों में सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति विकसित करना रहा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं, सहभागिता गतिविधियों और कर्मचारी जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सुरक्षा के महत्व को प्रभावी ढंग से रेखांकित किया गया। समापन समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण, सुरक्षा शपथ और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद खान प्रबंधन, डीजीएमएस निरीक्षण दल और श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों ने सुरक्षा मानकों के बेहतर क्रियान्वयन तथा निरंतर सुधार की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान वामन टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सुरक्षा संबंधी संदेशों को रोचक और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। वहीं, कर्मचारियों ने कविता पाठ के जरिए सुरक्षित कार्यप्रणाली और सुरक्षा के महत्व को उजागर किया। समारोह के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके बाद आभार प्रदर्शन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

समारोह में सिंदेसर खुर्द खान के यूनिट हेड सचिन देशमुख, माइंस मैनेजर सावरियां कुमार वैष्णव, निरीक्षण दल के प्रमुख प्रीतम यादव, दरीबा खान मजदूर संघ के महामंत्री के.एस. शक्तावत, हेड माइंस इलेक्ट्रिकल रमेश शर्मा तथा राजपुरा-दरीबा कॉम्प्लेक्स के सीएचआरओ अक्षत यादव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे। 50वें खान सुरक्षा सप्ताह के आयोजन ने कर्मचारियों, खान प्रबंधन, नियामक संस्थाओं और श्रमिक संगठनों के बीच सुरक्षा को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता को और मजबूत किया। इस पहल के माध्यम से सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने, सुरक्षा मानकों को दैनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने और खनन गतिविधियों में निरंतर सुधार की दिशा में साझा प्रयासों को नई गति मिली।



