
Rajsamand Vote Counting : राजसमन्द। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए प्रथम और द्वितीय चरण में हुए मतदान की मतगणना 20 नवम्बर को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, राजसमन्द में होगी। मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार शाम 5 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा तथा जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने मतगणना स्थल सहित पुलिस लाइन में प्रस्तावित पार्किंग स्थल, राष्ट्रीय राजमार्ग और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम राजकुमार कस्वा, पुलिस उपाधीक्षक नेत्रपाल सिंह, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता आर.एल. मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पार्किंग से लेकर हाईवे तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Rajsamand Panchayat Election 2026 : कलक्टर और एसपी ने राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय परिसर में मतगणना के लिए निर्धारित कक्षों, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा पुलिस लाइन में प्रस्तावित पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही मतगणना स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी यातायात व्यवस्था को भी देखा। अधिकारियों ने प्रत्याशियों, उनके अधिकृत गणन अभिकर्ताओं और निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों के सुचारु आवागमन, वाहनों की पार्किंग तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मतगणना के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं। जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार हसीजा ने कहा कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराई जाएगी। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करें। उन्होंने मतगणना स्थल पर पर्याप्त स्थान, व्यवस्थित प्रवेश एवं निकास, आवश्यक संकेतक और निर्वाचन कार्मिकों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने, प्रवेश व्यवस्था पर नियंत्रण रखने, पार्किंग को व्यवस्थित करने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाए।

सुरक्षा कार्मिकों से किया संवाद, 24 घंटे रहेगी निगरानी
Rajasthan Election Result 2026 : निरीक्षण के दौरान कलक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मतगणना परिसर में तैनात सुरक्षा कार्मिकों से बातचीत कर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने प्रवेश नियंत्रण, परिसर की सुरक्षा और सतत निगरानी के संबंध में आवश्यक निर्देश देते हुए पूरी सतर्कता बरतने को कहा। प्रशासन के अनुसार, मतगणना परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरा परिसर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगा। इसके अलावा सुरक्षा कार्मिक भी लगातार परिसर की निगरानी करेंगे, ताकि किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि को रोका जा सके।
प्रत्याशियों और गणन अभिकर्ताओं के लिए पुलिस लाइन में पार्किंग
Rajsamand Collector Inspection : जिला प्रशासन ने मतगणना के दिन वाहनों की पार्किंग और आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था निर्धारित की है। इसके तहत प्रत्याशियों एवं उनके अधिकृत गणन अभिकर्ताओं के वाहनों की पार्किंग पुलिस लाइन परिसर में कराई जाएगी। पुलिस लाइन का पार्किंग स्थल राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय स्थित मतगणना केंद्र से करीब 500 मीटर दूर रहेगा। पैदल चलने में असहजता या परेशानी महसूस करने वाले प्रत्याशियों एवं गणन अभिकर्ताओं को पुलिस लाइन से मतगणना स्थल तक पहुंचाने के लिए निःशुल्क शटल बस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, मतगणना कार्य में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के पीछे निर्धारित स्थान पर होगी।
बिना वैध पास नहीं मिलेगा प्रवेश, मोबाइल और फोटोग्राफी पर प्रतिबंध
मतगणना स्थल पर प्रवेश को लेकर प्रशासन ने सख्त नियम निर्धारित किए हैं। राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय परिसर में बिना वैध एवं अधिकृत प्रवेश पत्र के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह नियम प्रत्याशियों, गणन अभिकर्ताओं और निर्वाचन कार्य में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित सभी पर समान रूप से लागू रहेगा। प्रत्येक अधिकृत व्यक्ति को प्रवेश के समय अपने पास का सत्यापन करवाना होगा और निर्धारित सुरक्षा जांच प्रक्रिया से गुजरना अनिवार्य रहेगा। सुरक्षा जांच के बिना किसी को भी परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। मतगणना परिसर में मोबाइल फोन अथवा किसी अन्य माध्यम से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा मोबाइल फोन, बीड़ी, तम्बाकू तथा अन्य प्रतिबंधित या अनधिकृत वस्तुएं परिसर में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रवेश एवं निकास द्वारों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक व्यक्ति को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करना होगा और सुरक्षा कार्मिकों के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करनी होगी। पूरे परिसर में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।
9 पंचायत समितियों के लिए 9 अलग-अलग मतगणना कक्ष
जिले की सभी 9 पंचायत समितियों के सदस्य पदों की मतगणना के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में अलग-अलग कक्ष निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक पंचायत समिति के निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना संबंधित वार्ड के लिए निर्धारित टेबल पर होगी। पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव से जुड़े डाक मतपत्रों की गणना भी संबंधित पंचायत समिति के निर्धारित मतगणना कक्ष में रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) की टेबल पर की जाएगी। वहीं, जिला परिषद सदस्य पदों के प्रत्याशियों के मतों की गणना अधिकतम 8 टेबलों पर कराई जाएगी। प्रत्येक टेबल पर संबंधित प्रत्याशी का एक अधिकृत गणन अभिकर्ता उपस्थित रह सकेगा। जिला परिषद सदस्य पदों से जुड़े डाक मतपत्रों की गणना के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) के कक्ष के पास अलग मतगणना कक्ष बनाया जाएगा।
पंचायत समितिवार मतगणना कक्षों का निर्धारण
प्रशासन ने सभी 9 पंचायत समितियों के लिए मतगणना कक्षों की सूची भी जारी की है। इसके अनुसार—
- आमेट पंचायत समिति – कक्ष संख्या 205
- भीम पंचायत समिति – कक्ष संख्या 214
- देवगढ़ पंचायत समिति – कक्ष संख्या 113
- राजसमन्द पंचायत समिति – कक्ष संख्या 202
- रेलमगरा पंचायत समिति – कक्ष संख्या 123
- चारभुजा पंचायत समिति – कक्ष संख्या 108
- देलवाड़ा पंचायत समिति – कक्ष संख्या 128
- कुम्भलगढ़ पंचायत समिति – कक्ष संख्या 132
- खमनोर पंचायत समिति – कक्ष संख्या 210
प्रत्याशियों और गणन अभिकर्ताओं से नियमों की पालना की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने सभी प्रत्याशियों, उनके अधिकृत गणन अभिकर्ताओं तथा निर्वाचन कार्य में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्धारित व्यवस्थाओं और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकृत व्यक्ति अपना प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से साथ रखें और प्रवेश के समय सुरक्षा जांच में पूरा सहयोग करें। निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें तथा बिना वैध पास के मतगणना परिसर में प्रवेश का प्रयास नहीं करें। कलक्टर ने स्पष्ट किया कि बिना अधिकृत प्रवेश पत्र के किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मोबाइल फोन, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को लेकर जारी निर्देशों की सख्ती से पालना कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मतगणना से पहले सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन का लक्ष्य 20 नवम्बर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना को पूरी तरह व्यवस्थित, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना है।



