
Rajsamand Political News Today : पंचायतीराज चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद अब राजसमंद जिले की नौ पंचायत समितियों में प्रधान पद हासिल करने को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कहीं दलों के पास बहुमत होने के बावजूद आरक्षण के अनुरूप उम्मीदवार नहीं मिलने से माथापच्ची करनी पड़ रही है, तो कहीं जातीय समीकरण और राजनीतिक नेताओं की पसंद प्रधान के चेहरे पर मुहर लगाएगी। आमेट में 32 साल बाद कांग्रेस की वापसी के साथ सास-बहू की दावेदारी चर्चा में है। कुंभलगढ़ में युवा और अनुभवी चेहरे के बीच चयन को लेकर मंथन चल रहा है, वहीं खमनोर में पूर्व विधायक के पुत्र और पूर्व जिला परिषद सदस्य दावेदारी की दौड़ में हैं। भीम में सामान्य महिला के लिए आरक्षित प्रधान पद पर ओबीसी वर्ग की महिला को मौका देने की चर्चा है। चारभुजा में भाजपा के दो एसटी दावेदारों के बीच मुकाबले की स्थिति है, जबकि रेलमगरा में जाट-अहीर समीकरण प्रधान पद की राह तय कर सकता है। देलवाड़ा में कांग्रेस को बहुमत होने के बावजूद आरएलपी के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है। राजसमंद पंचायत समिति में भाजपा और कांग्रेस दोनों बहुमत से दूर हैं, ऐसे में दो निर्दलीय कुमावत सदस्य सत्ता की दिशा तय करने में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

राजसमंद की 9 पंचायत समितियों में प्रधान पद के समीकरण
भीम : सामान्य महिला के लिए आरक्षित पद पर ओबीसी दावेदारों की चर्चा
Rajsamand Panchayat Election Results 2026 : भीम पंचायत समिति में प्रधान पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। यहां कुल 19 सीटों में कांग्रेस ने 12 और भाजपा ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस के पास सामान्य वर्ग की कोई महिला सदस्य नहीं होने के कारण ओबीसी वर्ग की महिला को प्रधान बनाने की चर्चा तेज है। दावेदारी की दौड़ में वार्ड 3 से कन्या, वार्ड 6 से उदी कंवर, वार्ड 7 से इंद्रा देवी और वार्ड 19 से सपना के नाम सामने आ रहे हैं। Bhim Panchayat Samiti Pradhan
देवगढ़ : सामान्य और ओबीसी दावेदारों के बीच चयन को लेकर मंथन
देवगढ़ पंचायत समिति में प्रधान पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। यहां 15 वार्डों में कांग्रेस ने 10 और भाजपा ने 5 सीटें जीती हैं। कांग्रेस के विजयी सदस्यों में एक सामान्य वर्ग, छह ओबीसी और तीन एससी वर्ग से हैं। प्रधान पद की दावेदारी को लेकर वार्ड 6 से गीता गुर्जर, वार्ड 7 से युवराज और वार्ड 15 से पूजा मेवाड़ा के नाम चर्चा में बने हुए हैं।
आमेट : 32 साल बाद कांग्रेस की वापसी
Amet Panchayat Samiti Election Result : आमेट पंचायत समिति में कांग्रेस ने 32 साल बाद जीत हासिल कर वापसी की है। यहां प्रधान पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह देवरिया के परिवार से दो महिला दावेदार सामने आई हैं। वार्ड 1 से चंद्रिका कुंवर और वार्ड 9 से गणेश कंवर चुनाव जीतकर आई हैं। दोनों रिश्ते में सास-बहू हैं और प्रधान पद को लेकर उनकी दावेदारी चर्चा का विषय बनी हुई है।
चारभुजा : भाजपा के गोपी लाल और नागेश्वर भील के नाम चर्चा में
नवगठित चारभुजा पंचायत समिति में पहली बार हुए चुनाव में भाजपा ने जीत का खाता खोला है। यहां प्रधान पद एसटी वर्ग के लिए आरक्षित है। भाजपा के विजयी सदस्यों में वार्ड 4 से नागेश्वर भील और वार्ड 15 से गोपी लाल के नाम प्रधान पद की दावेदारी को लेकर चर्चा में हैं। नागेश्वर भील पूर्व में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
कुंभलगढ़ : युवा या अनुभवी, किस चेहरे पर लगेगी मुहर?
कुंभलगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस ने 10 साल बाद वापसी करते हुए 15 में से 10 सीटों पर जीत हासिल की है। प्रधान पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। यहां प्रधान पद की दावेदारी में वार्ड 10 से सत्यनारायण बाहेती और वार्ड 14 से मयंक जोशी के नाम सामने आ रहे हैं। पार्टी के सामने युवा और अनुभवी चेहरे में से चयन करने की चुनौती है।
खमनोर : पूर्व विधायक के पुत्र और पूर्व जिला परिषद सदस्य दौड़ में
खमनोर पंचायत समिति में प्रधान पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। यहां दावेदारी को लेकर पूर्व विधायक कल्याण सिंह के पुत्र और पूर्व उपप्रधान वैभवराज सिंह चौहान के नाम की चर्चा है। वहीं वार्ड 1 से चुनाव जीतने वाले पूर्व जिला परिषद सदस्य कूक सिंह भी प्रधान पद की दौड़ में प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।
रेलमगरा : जाट-अहीर समीकरण के बीच प्रधान पद का फैसला
रेलमगरा पंचायत समिति में प्रधान पद ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित है और कांग्रेस को बहुमत मिला है। यहां ओबीसी वर्ग के सात सदस्य चुनाव जीतकर आए हैं। प्रधान पद की दावेदारी में वार्ड 3 से शंभूलाल, वार्ड 10 से खुशबू अहीर और वार्ड 19 से मुकेश जाट के नाम चर्चा में हैं। ऐसे में कांग्रेस के सामने जाट और अहीर समाज के बीच राजनीतिक संतुलन साधने की चुनौती है।
देलवाड़ा : कांग्रेस को प्रधान बनाने के लिए आरएलपी का समर्थन अहम
देलवाड़ा पंचायत समिति में कांग्रेस ने 15 में से 9 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। भाजपा को 5 और आरएलपी को 1 सीट मिली है। प्रधान पद एससी महिला के लिए आरक्षित है। कांग्रेस ने पूर्व उपप्रधान रामेश्वर लाल खटीक की पुत्रवधू वंदना को दावेदार माना था, लेकिन वे चुनाव हार गईं। ऐसे में प्रधान पद पर कांग्रेस की राह आसान बनाने के लिए आरएलपी की विजयी सदस्य कृष्णा जटिया का समर्थन महत्वपूर्ण हो सकता है।
राजसमंद : दो निर्दलीय कुमावत सदस्यों पर टिका प्रधान पद का गणित
Rajsamand Panchayat Politics 2026 : राजसमंद पंचायत समिति में प्रधान पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। कुल 25 सीटों में भाजपा ने 12, कांग्रेस ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए हैं। बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए भाजपा को एक और कांग्रेस को दो सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता है। दोनों निर्दलीय सदस्य कुमावत समाज से हैं। ऐसे में इन दोनों निर्दलीय सदस्यों का समर्थन किस दल को मिलता है, यह राजसमंद पंचायत समिति में प्रधान पद की कुर्सी का फैसला करने में निर्णायक साबित हो सकता है।



