
राजसमंद। Rajsamand Zila Pramukh Election : राजसमंद में जिला प्रमुख पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बुधवार को होने वाले चुनाव के लिए कांग्रेस और भाजपा ने अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। कांग्रेस की ओर से सुंदर देवी कीर ने नामांकन दाखिल किया, जबकि भाजपा ने मदन सिंह चौहान पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रत्याशी बनाया है। दोनों उम्मीदवारों के नामांकन के साथ ही जिला प्रमुख पद के लिए मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
जिला प्रमुख चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार हसीजा के नेतृत्व में प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला परिषद सभागार में मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं की गई हैं। जिला परिषद परिसर में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। इस बार जिला प्रमुख का पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। राजसमंद जिला परिषद में जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों भीम, कुंभलगढ़, नाथद्वारा और राजसमंद को मिलाकर कुल 29 वार्ड सदस्य हैं। चुनाव परिणामों के अनुसार कांग्रेस ने 17 वार्डों में जीत हासिल की है, जबकि भाजपा के खाते में 12 सीटें आई हैं। संख्याबल के लिहाज से कांग्रेस को बढ़त हासिल है, ऐसे में जिला प्रमुख पद के चुनाव में कांग्रेस का पलड़ा भारी माना जा रहा है।
जिला प्रमुख पद के लिए दोनों दलों के उम्मीदवार
- सुंदर देवी कीर – कांग्रेस
- मदन सिंह चौहान – भारतीय जनता पार्टी

1995 से अब तक आठ बार चुने गए जिला प्रमुख
Rajsamand Zila Parishad Election : राजसमंद जिला परिषद के गठन के बाद वर्ष 1995 से अब तक आठ बार जिला प्रमुख का चयन हो चुका है। इस दौरान भाजपा ने पांच बार और कांग्रेस ने तीन बार जिला प्रमुख पद पर अपना कब्जा जमाया है। कांग्रेस की ओर से अब तक भीम, नाथद्वारा और राजसमंद विधानसभा क्षेत्रों को जिला प्रमुख पद का प्रतिनिधित्व मिल चुका है। वहीं जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों में शामिल कुंभलगढ़ को अब तक जिला प्रमुख पद पर प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। ऐसे में इस बार होने वाले चुनाव में राजनीतिक समीकरणों के साथ क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी महत्वपूर्ण हो सकता है। Sundar Devi Keer Congress



