
India CPI Inflation Rate : देश में खुदरा महंगाई ने एक बार फिर आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अक्टूबर में रिटेल महंगाई दर बढ़कर 6.09% पर पहुंच गई, जो पिछले 12 महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है। सितंबर में यह दर 5.54% थी। इस तरह एक महीने के भीतर महंगाई दर में 0.55 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। खास बात यह है कि अक्टूबर में महंगाई दर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की निर्धारित 6% की ऊपरी सीमा को भी पार कर गई।
महंगाई बढ़ने की प्रमुख वजह रोजमर्रा की खाद्य वस्तुओं की कीमतों में इजाफा होना है। अक्टूबर के दौरान दूध, अंडे, प्याज और लहसुन समेत कई जरूरी खाद्य पदार्थ महंगे हुए। इसके चलते खाद्य महंगाई दर सितंबर के 7.74% से बढ़कर अक्टूबर में 8.94% हो गई। देश के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) में खाने-पीने की वस्तुओं का योगदान करीब 40% है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की कीमतों में होने वाला उतार-चढ़ाव सीधे खुदरा महंगाई दर को प्रभावित करता है। यही वजह है कि सब्जियों, दूध और अन्य जरूरी खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से कुल महंगाई में भी तेजी आई है। इससे पहले अक्टूबर 2024 में खुदरा महंगाई दर 6% के स्तर को पार करते हुए 6.2% तक पहुंच गई थी। उस समय महंगाई के आंकड़े CPI की पुरानी सीरीज के आधार पर जारी किए गए थे, जिसका आधार वर्ष 2012 था। मौजूदा नई सीरीज के अनुसार अक्टूबर 2026 में पहली बार खुदरा महंगाई दर RBI की निर्धारित 6% की ऊपरी सीमा से ऊपर पहुंची है।
6.09% महंगाई का आम आदमी की जेब पर क्या असर?
Retail Inflation 6.09 Percent : महंगाई दर 6.09% होने का मतलब है कि अक्टूबर 2026 में वस्तुओं और सेवाओं की औसत कीमतें अक्टूबर 2025 की तुलना में 6.09% अधिक रहीं। इसे आसान उदाहरण से समझें तो पिछले साल अक्टूबर में जो सामान 100 रुपए में मिलता था, उसी सामान की कीमत इस साल बढ़कर औसतन 106.09 रुपए हो गई है। हालांकि, यह सभी वस्तुओं की कीमतों में समान बढ़ोतरी नहीं दर्शाता। कुछ चीजें महंगी हुई हैं, जबकि कुछ के दाम घटे भी हो सकते हैं।

महंगाई बढ़ी तो RBI बढ़ा सकता है ब्याज दरें
October Inflation News : अगर महंगाई में इसी तरह तेजी जारी रहती है तो इसे नियंत्रित करने के लिए RBI पर दबाव बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में बढ़ोतरी पर विचार कर सकता है। ब्याज दरें बढ़ने से होम लोन, कार लोन और अन्य कर्ज महंगे हो सकते हैं। इससे लोगों की उधार लेने और खर्च करने की क्षमता प्रभावित होगी। बाजार में मांग कम होने से महंगाई पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, ब्याज दरें बढ़ाने का फैसला आम कर्जदारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी डाल सकता है।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से राहत की उम्मीद
RBI Interest Rate Hike : दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई के दबाव में कुछ कमी आने की उम्मीद है। ब्रेंट क्रूड का भाव घटकर करीब 92 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की संभावनाओं के बावजूद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की सुरक्षा को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों का रुख आने वाले दिनों में महंगाई की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।



