
petrol price hike : नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में ₹5 प्रति लीटर और डीजल में ₹3 प्रति लीटर की वृद्धि की है। नई दरें शनिवार सुबह से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी का सीधा असर नायरा के पेट्रोल पंपों से ईंधन भरवाने वाले ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा।
कीमतों में इजाफे के बाद भोपाल में नायरा का पेट्रोल ₹119.54 प्रति लीटर और डीजल ₹103.64 प्रति लीटर हो गया है। कंपनी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने के कारण ईंधन की लागत बढ़ी है। इसी अंतर को कम करने के लिए कंपनी ने पेट्रोल और डीजल के खुदरा दामों में बढ़ोतरी का फैसला लिया है। नायरा एनर्जी ने इस साल की शुरुआत में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। 26 मार्च को ईरान संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने के बीच कंपनी ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा किया था। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में सुधार आने के बाद कंपनी ने कीमतों में राहत भी दी थी। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद 1 जुलाई को नायरा ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर सस्ता कर दिया था। अब एक बार फिर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच कंपनी ने दोनों ईंधनों के दाम बढ़ा दिए हैं।
सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल नहीं बढ़ाए दाम
Nayara petrol price increased : नायरा की ओर से कीमतें बढ़ाए जाने के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं किया है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) की कीमतें अभी स्थिर हैं। इसके अलावा जियो ने भी फिलहाल पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं किया है। ऐसे में नायरा के पंपों पर ईंधन की कीमत बढ़ गई है, जबकि सरकारी तेल कंपनियों के पंपों पर फिलहाल पुरानी दरें लागू हैं।
सरकारी तेल कंपनियों को रोजाना ₹530 करोड़ के नुकसान का अनुमान
Nayara Energy fuel price today : रेटिंग एजेंसी ICRA की रिपोर्ट में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच भारत में पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतें स्थिर रहने से सरकारी तेल कंपनियों पर पड़ रहे आर्थिक दबाव का जिक्र किया गया है। ICRA के अनुमान के मुताबिक, इंडियन ऑयल, HPCL और BPCL को पेट्रोल पर करीब ₹8 और डीजल पर करीब ₹9 प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है। एजेंसी का कहना है कि पेट्रोल, डीजल और LPG को मिलाकर तेल कंपनियों को रोजाना करीब ₹530 करोड़ का नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालांकि, यह ICRA का अनुमान है और वास्तविक नुकसान कंपनी के खरीद मूल्य, बिक्री मूल्य तथा अन्य लागतों के आधार पर अलग हो सकता है।

मई में सरकारी कंपनियों ने भी बढ़ाए थे दाम
petrol price today : इससे पहले मई में सरकारी तेल कंपनियों ने भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का हवाला देते हुए पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे। IOC, BPCL और HPCL ने अलग-अलग चरणों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल ₹7.50-₹7.50 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। देशभर में एक लाख से अधिक पेट्रोल पंप हैं। इनमें से 90 फीसदी से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर IOC, BPCL और HPCL का नेटवर्क है। ऐसे में इन कंपनियों की कीमतों में बदलाव का देशभर के उपभोक्ताओं पर व्यापक असर पड़ सकता है।



