
राजसमंद। Rajasthan Panchayati Raj Election : निकाय चुनाव का दौर पूरा होने के बाद अब जिले में पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। आगामी त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनावों को लेकर बुधवार, 23 सितंबर को जिला परिषद सभागार में आरक्षण लॉटरी निकाली जाएगी। इस लॉटरी के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी।
बुधवार सुबह 11 बजे जिला परिषद सभागार में होने वाली प्रक्रिया में जिला परिषद के 29 वार्ड, नौ पंचायत समितियों के प्रधान पद और पंचायत समिति सदस्यों के 161 वार्डों का वर्गवार एवं महिला आरक्षण तय किया जाएगा। पर्ची के माध्यम से होने वाली इस प्रक्रिया के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि कौन-सा वार्ड सामान्य, एससी, एसटी, ओबीसी या महिला वर्ग के लिए आरक्षित रहेगा। आरक्षण की तस्वीर स्पष्ट होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी दावेदारों की सक्रियता बढ़ने के साथ ही राजनीतिक दलों को भी अपनी रणनीति नए सिरे से तैयार करनी होगी। जिले में जिला परिषद सदस्यों के वार्डों की संख्या में भी बदलाव हुआ है। पहले जिला परिषद में 25 वार्ड थे, जो अब बढ़कर 29 हो गए हैं। इन सभी 29 वार्डों का वर्गवार और महिला आरक्षण बुधवार को लॉटरी के माध्यम से निर्धारित किया जाएगा। आरक्षण तय होने के बाद संभावित उम्मीदवारों को अपने-अपने क्षेत्र से चुनाव लड़ने की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। वहीं, राजनीतिक दलों को भी आरक्षित वार्डों के अनुसार प्रत्याशी चयन की कवायद शुरू करनी होगी।
नौ पंचायत समितियों के प्रधान पद का भी आरक्षण
Rajasthan Panchayat Election 2026 : आरक्षण लॉटरी में केवल पंचायत समिति सदस्यों के वार्डों का ही निर्धारण नहीं होगा, बल्कि नौ पंचायत समितियों के प्रधान पदों का आरक्षण भी तय किया जाएगा। इसके बाद यह साफ हो जाएगा कि कौन-सा प्रधान पद सामान्य, एससी, एसटी, ओबीसी या महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। प्रधान पद के आरक्षण में बदलाव का सीधा असर चुनावी तैयारियों पर पड़ सकता है। लंबे समय से चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित दावेदारों को आरक्षण की स्थिति सामने आने के बाद अपने राजनीतिक समीकरणों में बदलाव करना पड़ सकता है।
गढ़बोर नई पंचायत समिति बनने के बाद संख्या हुई नौ
Rajsamand Panchayati Raj Election : गढ़बोर को नई पंचायत समिति बनाए जाने के बाद जिले में पंचायत समितियों की संख्या आठ से बढ़कर नौ हो गई है। इन नौ पंचायत समितियों में कुल 161 पंचायत समिति सदस्य वार्ड हैं। इनमें आमेट में 17, भीम में 19, देवगढ़ में 15, कुंभलगढ़ में 15, चारभुजा गढ़बोर में 15, खमनोर में 19, देलवाड़ा में 15, रेलमगरा में 21 और राजसमंद में 25 वार्ड शामिल हैं। इन सभी 161 वार्डों का वर्गवार और महिला आरक्षण भी बुधवार को होने वाली लॉटरी प्रक्रिया के जरिए तय किया जाएगा।

ग्रामीण राजनीति में बढ़ेगी हलचल
Rajsamand Panchayat Reservation Lottery : निकाय चुनाव के बाद अब जिले की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र ग्रामीण क्षेत्र बनने जा रहा है। आरक्षण लॉटरी को लेकर संभावित उम्मीदवारों की नजरें टिकी हुई हैं। वार्ड और प्रधान पदों का आरक्षण सामने आने के बाद कई दावेदारों की चुनावी दिशा तय होगी। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, राजस्थान, जयपुर के शासन सचिव एवं आयुक्त के निर्देशानुसार आरक्षण निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। लॉटरी के परिणाम सामने आने के साथ ही आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर जिले में राजनीतिक सरगर्मी और तेज होने की संभावना है। Rajsamand Zila Parishad Election



