
चित्तौड़गढ़। Sanwariya Seth Gold Heart Donation राजस्थान के प्रसिद्ध कृष्णधाम सांवरिया सेठ मंदिर में भक्तों की अनूठी आस्था एक बार फिर देखने को मिली है। यहां जालोर से आए एक श्रद्धालु ने अपनी मनोकामना पूरी होने पर भगवान सांवरिया सेठ को 21 ग्राम सोने से बना दिल भेंट किया है। इस अनोखी भेंट की कीमत 3 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। दरअसल, श्रद्धालु हार्ट की बीमारी से जूझ रहा था और उसने भगवान से बेहतर इलाज तथा ऑपरेशन सफल होने की प्रार्थना की थी। ऑपरेशन सफल होने और स्वास्थ्य में सुधार के बाद श्रद्धालु सांवरिया सेठ के दरबार में पहुंचा और सोने का दिल अर्पित कर अपनी मन्नत पूरी की।
मंदिर मंडल के गजेंद्र गौड़ ने बताया कि जालोर से आए श्रद्धालु ने मंदिर के भेंट कक्ष में सोने का दिल भेंट किया है। श्रद्धालु ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं की है। कृष्णधाम सांवरियाजी में भक्तों की अटूट आस्था अलग-अलग रूपों में देखने को मिलती है। यहां देशभर से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं। मन्नत पूरी होने पर कोई सोना-चांदी अर्पित करता है तो कोई अपनी श्रद्धा के अनुसार अनोखी वस्तुएं भगवान के चरणों में समर्पित करता है। किसी की व्यापार में तरक्की होती है, किसी को नौकरी मिलती है तो कोई परिवार में खुशियां आने पर सांवरिया सेठ का आभार जताने पहुंचता है। सांवरिया सेठ के दरबार में पहले भी कई ऐसी अनूठी भेंट चढ़ाई जा चुकी हैं, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बनीं।
3.370 किलो चांदी से तैयार दो शोरूम किए भेंट
Sanwariya Seth Temple Chittorgarh : 22 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के एक ज्वेलरी कारोबारी श्रद्धालु ने सांवरिया सेठ के दरबार में चांदी से बने दो शोरूम भेंट किए थे। चार मंजिला इन दोनों शोरूम का कुल वजन 3.370 किलोग्राम था। इनमें इस्तेमाल की गई चांदी की बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई थी। दरअसल, कारोबारी के रायपुर (छत्तीसगढ़) और वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में दो नए शोरूम तैयार हुए थे। इस खुशी में उन्होंने भगवान के प्रति आभार जताते हुए चांदी से बने दोनों शोरूम सांवरिया सेठ को अर्पित किए थे। इन पर ‘गिरी जेवर काशी’ और ‘गिरी जेवर अरिहंत’ लिखा हुआ था।
डेढ़ करोड़ की 10.15 बीघा जमीन भगवान के नाम की
25 जुलाई 2026 को डूंगरपुर जिले के आसपुर निवासी किसान अमरजी पाटीदार ने अपनी करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की 10.15 बीघा जमीन सांवरिया सेठ के नाम कर दी थी। इसके साथ ही उन्होंने अपने मकान की रजिस्ट्री भी भगवान के नाम करवाने के लिए स्टांप मंदिर प्रशासन को सौंपा था। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमीन और मकान भगवान सांवरिया सेठ के नाम हो गए।
बेटे की मनोकामना पूरी होने पर चढ़ाईं 19 चांदी की सिल्लियां
Rajasthan Temple Unique Donations 22 जुलाई 2026 को मध्यप्रदेश के देवास जिले के सोहनगंज क्षेत्र से आए एक श्रद्धालु ने अपनी मनोकामना पूरी होने पर सांवरिया सेठ को 11 किलो 400 ग्राम वजन की चांदी की 19 सिल्लियां भेंट की थीं। उस समय इनकी बाजार कीमत करीब 25 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई थी।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालु ने अपने बेटे से जुड़ी एक मनोकामना मांगी थी। इच्छा पूरी होने पर वह भगवान के दरबार में पहुंचा और चांदी की सिल्लियां अर्पित कर अपनी श्रद्धा प्रकट की।
बायपास सर्जरी सफल होने पर चांदी का दिल और ट्यूबवेल चढ़ाया
Sanwariya Seth Temple Viral News : 20 मई 2026 को सांवरियाजी निवासी बालमुकुंद तिवारी ने भी अपनी मनोकामना पूरी होने पर भगवान को चांदी का दिल भेंट किया था। उन्होंने हार्ट की बायपास सर्जरी सफल होने की मन्नत मांगी थी। ऑपरेशन सफल होने के बाद वह परिवार के साथ नाचते-गाते हुए सांवरिया सेठ के दरबार पहुंचे और चांदी का दिल तथा चांदी से बना ट्यूबवेल भगवान को अर्पित किया। इस दौरान परिवार की ओर से शोभायात्रा भी निकाली गई थी। उनकी इस अनूठी भेंट और उत्साहपूर्ण आयोजन ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं।

चांदी की किताब चढ़ाई
16 मई 2026 को सांवरियाजी निवासी बर्तन कारोबारी सुनील काबरा के बेटे चिन्मय ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं कॉमर्स परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में टॉप किया था। बेटे की इस उपलब्धि से खुश कारोबारी सुनील काबरा ने राजभोग आरती के दौरान भगवान सांवरिया सेठ को चांदी की किताब भेंट की थी।
जेल जाने का था डर, मन्नत पूरी हुई तो चांदी की हथकड़ी चढ़ाई
3 जून 2026 को चित्तौड़गढ़ के बागुंड स्थित प्राकट्य स्थल सांवरिया मंदिर में एक श्रद्धालु ने अपनी मन्नत पूरी होने पर 50 ग्राम चांदी से बनी हथकड़ी भगवान को अर्पित की थी। श्रद्धालु के अनुसार, उसे एक मामले में हथकड़ी लगने का डर सता रहा था। ऐसे में उसने सांवरिया सेठ से प्रार्थना की थी। बाद में उस स्थिति से बचने पर उसने अपनी मन्नत पूरी करते हुए चांदी की हथकड़ी बनवाई और भगवान के चरणों में अर्पित कर दी।
पेट्रोल पंप शुरू होने पर चांदी की मशीन भेंट की
6 जुलाई 2025 को चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला निवासी कारोबारी मांगीलाल जारोली ने अपना वर्षों पुराना सपना पूरा होने पर सांवरिया सेठ को चांदी से बनी पेट्रोल पंप मशीन की प्रतिकृति भेंट की थी। बताया गया कि मांगीलाल ने वर्ष 1958 में पेट्रोल पंप खोलने का सपना देखा था, जो वर्ष 2025 में जाकर साकार हुआ। उन्होंने बड़ी सादड़ी क्षेत्र में 6 जनवरी 2025 को ‘श्री सांवलिया सेठ फिलिंग स्टेशन’ के नाम से अपना पेट्रोल पंप शुरू किया था। इस उपलब्धि की खुशी में उन्होंने चांदी से बनी पेट्रोल पंप मशीन की प्रतिकृति भगवान के दरबार में अर्पित की।
सांवरिया सेठ के प्रति श्रद्धालुओं की यह अनूठी आस्था लगातार चर्चा में रहती है। कोई अपनी जिंदगी से जुड़ी बड़ी मुश्किल दूर होने पर भगवान को धन्यवाद देता है तो कोई कारोबार, परिवार और जीवन की खुशियों को भगवान के चरणों में समर्पित करता है। यही वजह है कि सांवरिया सेठ का दरबार भक्तों की श्रद्धा और अनूठी भेंट के लिए देशभर में विशेष पहचान रखता है।



