
Rain storm alert today : देशभर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। उत्तर प्रदेश में तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई है, जबकि राजस्थान और मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अगले दो दिनों तक अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या समेत करीब 30 जिलों में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान के कारण 94 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 17 मौतें प्रयागराज में हुईं, जबकि भदोही में 16 लोगों ने जान गंवाई। कई जिलों में पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर गए और टिनशेड हवा में उड़ गए। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। बरेली में एक युवक टिनशेड समेत हवा में उड़ गया और कई फीट दूर खेत में जाकर गिरा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गोंडा में तेज आंधी के कारण एक बड़ा पेड़ उखड़कर कार पर गिर गया। फतेहपुर में दुकानों के बाहर लगे टिनशेड उड़ गए, जबकि उन्नाव में नीम का पेड़ कार पर गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। कई इलाकों में घंटों तक बिजली सप्लाई ठप रही। आंधी-बारिश के बीच गर्मी का असर भी कम नहीं हुआ। उत्तर प्रदेश के बांदा में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज राज्य के 51 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने की सलाह दी गई है।
राजस्थान में गर्मी का रेड अलर्ट
Red alert weather today : राजस्थान में गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को लगातार चौथे दिन जैसलमेर देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 13 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। राजस्थान के कई शहरों में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का दौर शुरू हो जा रहा है। दिन के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दे रही है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है।
मध्य प्रदेश में 18 मई तक हीटवेव का असर
Rainfall alert today : मध्य प्रदेश के 25 से ज्यादा जिले इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 18 मई तक हीटवेव जारी रह सकती है। बुधवार को खजुराहो में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आज इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में ‘वार्म नाइट’ यानी रात के समय भी अधिक गर्मी रहने की चेतावनी दी गई है।
हरियाणा में भी बढ़ा तापमान
हरियाणा में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य के पांच शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। नारनौल सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने 17 मई से प्रदेश में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है।

बिहार और उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट
बिहार के पूर्णिया, कटिहार समेत सात जिलों में तेज बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
Rain alert in Rajasthan Today : राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव जारी रह सकती है। झारखंड में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी चलने की संभावना है। इसके अलावा बिहार, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरल और कर्नाटक में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
16 मई को बदल सकता है मौसम
16 मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और हीटवेव वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पानी पीते रहें।



