
कुंभलगढ़। Kelwara child kidnapping : केलवाड़ा थाना क्षेत्र में शादी से इनकार करने पर एक महिला के 7 वर्षीय बेटे के अपहरण का मामला सामने आया। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे में बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। दोनों आरोपी बच्चे को लेकर सूरत भागने की फिराक में थे।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 29 अगस्त को केलवाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2016 में राजाराम से हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। आरोप है कि कांकड़वा निवासी रमेश उर्फ रामलाल उस पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। महिला द्वारा शादी से इनकार करने के बाद आरोपी ने उसके 7 वर्षीय बेटे का अपहरण कर लिया। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना अधिकारी तेजकरण सिंह चारण के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम ने तकनीकी विश्लेषण के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की लोकेशन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पता चला कि रमेश उर्फ रामलाल अपने भाई दिनेश के साथ बच्चे को लेकर सूरत जाने की तैयारी में है। दोनों आरोपी उदयपुर के गोवर्धन विलास क्षेत्र से सूरत जाने वाली बस में सवार हो चुके थे। 7 year old boy kidnapped
गोवर्धन विलास में बस रुकवाकर बच्चे को छुड़ाया
Kumbhalgarh child kidnapping : पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर आरोपियों का पीछा किया और गोवर्धन विलास क्षेत्र में सूरत जा रही बस को रुकवाया। बस की जांच के दौरान पुलिस ने 7 वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया के साथ पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान रमेश उर्फ रामलाल (27) और उसके भाई दिनेश (22), दोनों निवासी कांकड़वा, के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और अपहरण के मामले में उनकी भूमिका सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। Udaipur child rescue

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत प्रकरण संख्या 123/2026 दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है।



