
rule changes September : सितंबर की शुरुआत आम लोगों की जेब पर असर डालने वाले कई बदलावों के साथ हुई है। आज यानी 1 सितंबर से कॉमर्शियल LPG सिलेंडर औसतन ₹11.50 तक महंगा हो गया है। वहीं, मुंबई में दूध के थोक दाम में ₹9 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा, जिन LPG उपभोक्ताओं ने अब तक e-KYC पूरी नहीं कराई है, उनकी सब्सिडी प्रभावित हो सकती है। e-KYC कराने की अंतिम तारीख 31 अगस्त निर्धारित की गई थी। सितंबर में आम लोगों से जुड़े 7 बड़े बदलाव इस प्रकार हैं—
1. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर ₹11.50 तक महंगा
बदलाव:
LPG cylinder price hike : तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में औसतन ₹11.50 तक की बढ़ोतरी की है। कोलकाता में 19 किलो के कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब ₹2,884 हो गई है, जबकि पहले यह ₹2,872.50 में मिलता था। वहीं, 5 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमत भी ₹2 बढ़ गई है। अब इसके रिफिल के लिए ₹764 चुकाने होंगे।
असर: कॉमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों का खर्च बढ़ सकता है। इसका असर चाय-नाश्ते, थाली और कैटरिंग की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।
घरेलू LPG पर राहत: 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
2. मुंबई में दूध ₹9 प्रति लीटर तक महंगा
मुंबई:
milk price hike बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने 1 सितंबर से थोक दूध की कीमत में ₹9 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद थोक कीमत ₹93 से बढ़कर ₹102 प्रति लीटर हो गई है। नई दर 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी।
तमिलनाडु:
एविन्स दूध के खरीद मूल्य में भी ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। कीमत ₹41 से बढ़कर ₹44 प्रति लीटर हो गई है। दो सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इस तरह कुल बढ़ोतरी ₹6 प्रति लीटर हो चुकी है।
कीमत बढ़ने की वजह:
हरे चारे, भूसे और खली की बढ़ती कीमतों के साथ पशुओं के रखरखाव और परिवहन का खर्च भी बढ़ा है। इसी वजह से दूध की कीमतों में इजाफा किया गया है।
आम लोगों पर असर:
मुंबई में थोक दूध महंगा होने का असर खुदरा कीमतों पर पड़ सकता है। त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले दही, पनीर और मिठाइयों जैसे डेयरी उत्पाद भी महंगे हो सकते हैं।
3. e-KYC नहीं कराई तो अटक सकती है LPG सब्सिडी
बदलाव:
LPG सब्सिडी का लाभ जारी रखने के लिए e-KYC कराने की अंतिम तारीख 31 अगस्त थी। तेल कंपनियों ने सभी घरेलू LPG उपभोक्ताओं से समय पर e-KYC पूरा करने की अपील की थी।
क्या होगा असर:
समयसीमा बीतने के बाद बायोमेट्रिक पहचान पूरी नहीं कराने वाले ग्राहकों की सब्सिडी रुक सकती है। कुछ मामलों में गैस से जुड़ी सेवाओं में भी परेशानी आ सकती है। हालांकि, सिर्फ e-KYC नहीं होने पर सिलेंडर की बुकिंग तत्काल बंद होगी या नहीं, यह संबंधित कंपनी के नियमों पर निर्भर करेगा। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक e-KYC नहीं कराई है, उन्हें परेशानी से बचने के लिए जल्द से जल्द अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करना चाहिए।
4. विदेश जाने वालों के लिए बड़ा बदलाव, बोर्डिंग पास पर स्टैम्प की जरूरत नहीं
बदलाव:
भारत से विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए 1 सितंबर 2026 से इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टैम्प लगवाने की प्रक्रिया खत्म कर दी गई है। अब यह प्रक्रिया डिजिटल तरीके से पूरी होगी। यात्री इमिग्रेशन के दौरान अपने मोबाइल फोन पर e-बोर्डिंग पास दिखा सकेंगे। हालांकि पासपोर्ट, वीजा और सुरक्षा जांच से जुड़े अन्य नियम पहले की तरह लागू रहेंगे।
असर:
इस बदलाव से एयरपोर्ट पर डिपार्चर प्रक्रिया तेज और आसान होने की उम्मीद है। यात्रियों का समय बचेगा और इमिग्रेशन काउंटर पर भीड़ कम करने में मदद मिल सकती है।
5. आज से टाटा और हुंडई की कारें महंगी
बदलाव:
CNG price hike टाटा मोटर्स ने 1 सितंबर से अपने सभी मॉडल और वैरिएंट की कीमतों में ₹25,000 तक की बढ़ोतरी की है। वहीं, हुंडई मोटर इंडिया ने भी अपनी कारों की कीमतों में 1% तक इजाफा किया है।
कीमत बढ़ाने की वजह:
कंपनियों के मुताबिक कच्चे माल की बढ़ती लागत, ऑपरेशनल खर्च और महंगाई के दबाव के चलते कीमतों में बढ़ोतरी की गई है।
ग्राहकों पर असर:
सितंबर में टाटा या हुंडई की नई कार अथवा SUV खरीदने वालों को पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी होगी। वास्तविक बढ़ोतरी मॉडल और वैरिएंट के अनुसार अलग-अलग होगी। इसलिए बुकिंग से पहले नई प्राइस लिस्ट जरूर जांच लें।
6. मुंबई में CNG और घरेलू PNG भी महंगी
बदलाव:
महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने 1 सितंबर की आधी रात से CNG की कीमत ₹2 प्रति किलो बढ़ा दी है। अब मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में CNG की नई कीमत ₹88 प्रति किलो हो गई है।
वहीं, घरेलू PNG के दाम में भी ₹1 प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) की बढ़ोतरी की गई है।
कीमत बढ़ने की वजह:
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्राकृतिक गैस की कीमतों पर दबाव बढ़ा है। मांग पूरी करने के लिए आयातित LNG यानी RLNG पर निर्भरता बढ़ी है, जो पहले की तुलना में महंगी पड़ रही है।
असर:
CNG महंगी होने से मुंबई, ठाणे, रायगढ़ समेत महाराष्ट्र के 6 जिलों और कर्नाटक के 2 जिलों में करीब 13 लाख CNG वाहन चालकों का रोजाना खर्च बढ़ सकता है।
PNG की कीमत बढ़ने का असर मुंबई और आसपास के करीब 30 लाख परिवारों पर पड़ने की संभावना है।
7. ATF महंगा, आने वाले दिनों में हवाई टिकट बढ़ सकते हैं
बदलाव:
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते देश में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) लगातार दूसरे महीने महंगा हुआ है।ATF की कीमत में ₹6.28 प्रति लीटर यानी 5.46% की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद कीमत ₹115 से बढ़कर ₹121.28 प्रति लीटर हो गई है।
हवाई यात्रियों पर असर:
एयरलाइंस के कुल ऑपरेशनल खर्च में ईंधन की हिस्सेदारी करीब 35% से 40% तक होती है। ऐसे में ATF महंगा होने से विमान कंपनियों की लागत बढ़ सकती है। कंपनियां इस अतिरिक्त खर्च का कुछ हिस्सा यात्रियों पर डाल सकती हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में हवाई टिकट के किराए में बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है।
सितंबर की शुरुआत में जेब पर असर
कुल मिलाकर सितंबर की शुरुआत में गैस, दूध, CNG, PNG और कारों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, विदेश यात्रा करने वालों के लिए इमिग्रेशन प्रक्रिया आसान हुई है। LPG उपभोक्ताओं के लिए e-KYC भी अहम है, क्योंकि इसमें देरी से सब्सिडी प्रभावित हो सकती है।



