
Rajsamand Election 2026 : नगर परिषद चुनाव में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही गुरुवार को 45 वार्डों की चुनावी तस्वीर साफ हो गई। अंतिम दिन 12 निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया। इससे पहले बुधवार को दो प्रत्याशियों ने पर्चे उठाए थे। इस तरह दो दिन में कुल 14 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान से बाहर हो गए। अब 45 वार्डों में 118 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें भाजपा और कांग्रेस के 45-45, आम आदमी पार्टी का एक और 27 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं।
नाम वापसी के अंतिम दिन एसडीएम कार्यालय में सुबह से शाम तक राजनीतिक हलचल रही। भाजपा और कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय के रूप में मैदान में उतरे प्रत्याशियों को मनाने के लिए दोनों दलों के नेता और पदाधिकारी सक्रिय रहे। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे विधायक दीप्ति माहेश्वरी और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मान सिंह बारहठ निर्दलीय प्रत्याशी हेमा और कमलेश के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे। दोनों ने नामांकन वापस ले लिया। भाजपा नेता गिरिराज कुमावत सुबह 10 बजे ही पर्चा वापस ले चुके थे। वहीं पूर्व सभापति अशोक टांक के प्रयास से नीतेश माली और सुशीला देवी ने भी नामांकन उठा लिया।
आज निर्दलीयों को मिलेंगे चुनाव चिह्न
Nagar Parishad Election : नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रत्याशी अपने चुनाव चिह्न के साथ चुनाव प्रचार शुरू कर सकेंगे। अब वार्डवार मुकाबले की तस्वीर साफ होने के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों दल प्रचार अभियान को और तेज करेंगे।
23 वार्डो में सीधा मुकाबला, 17 में त्रिकोणीय जंग
Nomination Withdrawal : नाम वापसी के बाद 45 में से 23 वार्ड ऐसे हैं, जहां भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होगा। वहीं 17 वाड़ों में मुकाबला त्रिकोणीय रहेगा। इनमें एक वार्ड में आम आदमी पार्टी और 16 वाडों में निर्दलीय प्रत्याशी मुकाबले को रोचक बनाएंगे। वार्ड 22 में कांग्रेस नगर अध्यक्ष चंचल नंदवाना की पत्नी डॉ. हिमानी नंदवाना, पूर्व चेयरमैन अशोक शंका और आप के वरिष्ठ नेता अमित वर्मा के बीच मुकाबला होगा। वार्ड 35 में भाजपा के धीरज पुरोहित के सामने कांग्रेस के आशीष पालीवाल और पारसमल खटीक मैदान में हैं। इन वार्डों के अलावा 15 अन्य वाडों में भी निर्दलीयों की मौजूदगी से चुनावी समीकरण दिलचस्प हो गए हैं।
वार्ड 24 में गिरिराज हटे, भाजपा-कांग्रेस सीधी टक्कर
Independent Candidates : वार्ड 24 नामांकन प्रक्रिया के दौरान सबसे हॉट वार्डों में रहा। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल के भाई राजेश पालीवाल मैदान में है। भाजपा के पूर्व नेता गिरिराज कुमावत ने टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय नामांकन किया था। पार्टी नेताओं की मान-मनुहार के बाद उन्होंने गुरुवार को नामांकन वापस ले लिया। अब वार्ड 24 में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होगा।
वार्ड 44 में हिम्मत मेहता मैदान में डटे
Rajasthan Local Election : वार्ड 44 में भाजपा नगर उपाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद हिम्मत मेहता का टिकट कटने के बाद उन्होंने निर्दलीय नामांकन किया था। पार्टी की ओर से उन्हें मनाने के काफी प्रयास किए गए, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। ऐसे में मेहता चुनाव मैदान में डटे रहे। यहां भाजपा-कांग्रेस के काका-भतीजे के साथ तीन अन्य प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा।
349 मतदाताओं वाला वार्ड चार सबसे छोटा
नगर परिषद का सबसे छोटा वार्ड 4 है। यहां महज 349 मतदाता हैं। नाम वापसी के बाद इस वार्ड में चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। वार्ड 29 में पूर्व उपसभापति चुन्नीलाल पंचोली के सामने तीन अन्य प्रत्याशी हैं। वहीं वार्ड 30 में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या अधिक है। यहां तीन मुस्लिम प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय अर्जुन भी मुकाबले में हैं।
इन प्रत्याशियों ने वापस लिए नाम
एसडीएम ओम प्रभा के अनुसार वार्ड 4 से हर्ष पहाड़िया, 6 पालीवाल व रमेश चंद्र लौहार, वार्ड 11 से हेमा, वार्ड 22 से पवन सिंह राजपूत, वार्ड 24 से गिरिराज कुमावत, वार्ड 27 से सुशीला देवी, वार्ड 35 से कमलेश कुमार लोढ़ा, वार्ड 36 से नारायण लाल रेगर व नीतेश माली तथा वार्ड 40 से नवनीत और गोवर्धन ने नामांकन वापस लिया। बुधवार को लक्ष्मी और इमरान खान डायर ने नामांकन उठाया था।
राजसमंद नगर परिषद के 45 वार्डों की चुनावी सारणी
| वार्ड | भाजपा | कांग्रेस | निर्दलीय | कितने नाम वापस |
|---|---|---|---|---|
| 1 | चेतन कुमार | उदयलाल | – | – |
| 2 | सुरेश | किशन लाल | मोहन | – |
| 3 | जया माली | मधु देवी | हिमांशी अग्रवाल | – |
| 4 | कैलाश निकुंभ | नारायण लाल गाड़री | सुनीता पाट, गणेश | हर्ष पहाड़िया, रमेश चंद्र लौहार |
| 5 | विजय कुमार जैन | पुष्कर लाल श्रीमाली | – | – |
| 6 | अनिता | आशा देवी | – | दीपक पालीवाल |
| 7 | कुशल कुमार | रवीना कुंवर | – | – |
| 8 | सुरमी | मीनाक्षी | गोरी कुंवर | – |
| 9 | चम्पालाल | मांगीलाल | भरत कुमार राव | – |
| 10 | दीपिका कुमावत | मंजू | प्रेम देवी कुमावत | – |
| 11 | सुन्दर कुंवर | रोजड़ा मेहला | – | हेमा |
| 12 | कृतिका गोरा | मोहन लाल | – | – |
| 13 | अंजना कछारा | मधु | – | लक्ष्मी |
| 14 | राजकुमारी | नंद किशोर | – | – |
| 15 | सुलेचना कुमावत | कल्पना कोर | – | – |
| 16 | शीतल सिंह | हिम्मत लाल कारी | – | – |
| 17 | तारा देवी | नीलम राणावत | रश्मिका शर्मा | – |
| 18 | हरीश कुमावत | प्रकाश | गौरव कुमावत | – |
| 19 | प्रभुलाल मेघवाल | इकबाल मणियार | – | – |
| 20 | ललित प्रकाश जैन | हेमंत गुर्जर | विकास अग्रवाल | – |
| 21 | रूपा मील | अर्पिता मीणा | – | – |
| 22 | अशोक कुमार | हिमानी | अमित वर्मा (आप पार्टी) | पवन सिंह राजपूत |
| 23 | ललित कुमावत | दुर्गा कुमारी कुमावत | – | – |
| 24 | राजेश पालीवाल | छगनलाल | – | गिरिराज |
| 25 | मोहन लाल कुमावत | प्रभुलाल कुमावत | – | – |
| 26 | मधु चौधरी | पुष्पा देवी | – | – |
| 27 | चंचल गुर्जर | पुष्पा | रंजना कुमारी | सुशीला देवी |
| 28 | विकास | राजकुमारी | – | – |
| 29 | कृष्ण कुमार अग्रवाल | चंचल पालीवाल | दीपक मेघवाल, दीपक वैष्णव | – |
| 30 | एमलुद्दीन | जेना खातून | अर्जुन, मनहर इदरीस | इमरान खान डायर |
| 31 | संगीता देवी | अंजना खटीक | मंजू देवी | – |
| 32 | मोहन लाल कुमावत | जयदेव | – | – |
| 33 | महेन्द्र सिंह चारण | अशोक टांक | – | – |
| 34 | मांगीलाल | हेमंत रजक | राजेश कुमार खटीक | – |
| 35 | धीरज पुरोहित | आशीष पालीवाल | पारसमल खटीक | कमलेश कुमार लोढ़ा |
| 36 | भरत पालीवाल | प्रमोद कुमार | – | नारायण लाल जाट, नीतेश माली |
| 37 | उत्तम सेठी | पींकूला कुमारी | – | – |
| 38 | मेवालाल | उमेश खटीक | – | – |
| 39 | मेवालाल माली | पुष्प माली | सुरेशराज माली | – |
| 40 | कैलाश पुरोहित | जीतन सेन | अब्दुल रहमान, रघुनाथ पटेल, गोवर्धन हुसैन | नवनीत, गोवर्धन |
| 41 | देवेंद्र यादव | रवि | ईश्वर पहाड़िया | – |
| 42 | सोना कुंवर रावत | सुन्दर देवी कुंवर | – | – |
| 43 | दिनेश चन्द | दीपक | – | – |
| 44 | मनीषसिंह भाई | यशवंत भाई | सुशील मेघवाल, गोवर्धन सेन, हिम्मत कुमार मेहता | – |
| 45 | दिनेश कुमावत | भंवरलाल | गोविंदलाल कुमावत |

जांच में पर्चे निरस्त करने और प्रमाणित प्रति देने में देरी का आरोप
देवगढ़ नगर पालिका चुनाव के बीच देवगढ़ एसडीएम एवं रिटर्निंग ऑफिसर पर कांग्रेस ने पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने और सत्तापक्ष के दबाव में काम करने के आरोप लगाए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर एसडीएम को आरओ पद से हटाने की मांग की। कांग्रेस का आरोप है कि नामांकन पत्रों की जांच के दौरान नियमों की अनदेखी करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी सहित 3-4 निर्दलीय उम्मीदवारों के पर्चे निरस्त किए गए। अधिकृत चुनाव प्रभारी अजीत सिंह ने निरस्तीकरण के वैधानिक कारण पूछते हुए प्रमाणित प्रति मांगी, लेकिन अधिकारी ने देने से इनकार कर दिया। कांग्रेस के अनुसार इसके बाद अधिकारी कमरे में चले गए और दरवाजा बंद कर लिया। प्रत्याशी और चुनाव प्रभारी करीब 4-5 घंटे तक बाहर इंतजार करते रहे। विरोध और बहस के बाद निरस्तीकरण की प्रमाणित प्रति दी गई। कांग्रेस बताया कि 1 सितंबर को एसडीएम ने चुनाव प्रभारी अजीत सिंह को नोटिस जारी किया। इसे दबाव बनाने की कार्रवाई बताते हुए नोटिस निरस्त करने की मांग की गई।



