
Rajasthan Panchayat Election 2026 : पंचायतीराज चुनाव की तारीख घोषणा के साथ ही जिले में मतदान व्यवस्था को लेकर तस्वीर भी साफ हो गई है। इस बार 280 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 2458 वार्ड पंचों के चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव ईवीएम से होंगे।
ग्राम पंचायतों और वार्ड पंचों के पदों के लिए आरक्षण लॉटरी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तारीख आने से गांवों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव तिथियों की घोषणा से पहले प्रशासन मतदान व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटा है। जिले के 904 मतदान केंद्रों के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मुख्य निर्वाचन स्टोर में चुनाव सामग्री तैयार की जा रही है। सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से होने के कारण प्रशासन की ओर से 1200 से अधिक मतपेटियां तैयार की। इनकी सफाई और तकनीकी जांच के बाद मतदान दलों को उपलब्ध कराया जाएगा। मतदान के दौरान किसी मतपेटी में समस्या आने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक पोलिंग टीम के साथ अतिरिक्त मतपेटियां भेजने की योजना बनाई गई है। 11 साल पहले हुए थे बैलेट पेपर चुनाव पंचायतीराज चुनाव में सरपंच और वार्ड पंच के लिए इस बार बैलेट पेपर से मतदान होगा। जिले में करीब 11 साल बाद ग्रामीण निकायों के इन चुनावों में मतदाता फिर मतपत्र पर मुहर लगाकर अपना वोट डालेंगे। इससे पहले वर्ष 2015 में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से हुए थे। इसके बाद हुए चुनावों में मतदान प्रक्रिया में ईवीएम का इस्तेमाल किया गया। अब वर्ष 2026 के चुनाव में एक बार फिर पुरानी मतदान व्यवस्था लौट रही है। प्रशासन ने इसके लिए 1200 से अधिक मतपेटियां तैयार कर ली हैं। 280 ग्राम पंचायतों और 2458 वार्ड पंचों के चुनाव इसी व्यवस्था से होंगे ।

राजसमंद में दो चरणो में होगा चुनाव
Rajasthan Sarpanch Election 2026 : राजसमंद जिले में पंचायतीराज चुनाव दो चरणों में होंगे। जिले की 9 पंचायत समितियों की कुल 280 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव कराए जाएंगे। पहले चरण में 25 अक्टूबर को खमनोर, देलवाड़ा, आमेट, चारभुजा और कुंभलगढ़ क्षेत्र में मतदान होगा। इस चरण में कुल 133 ग्राम पंचायतों और 421 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी। वहीं दूसरे चरण में 31 अक्टूबर को भीम, देवगढ़, राजसमंद और रेलमगरा पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। दूसरे चरण में 147 ग्राम पंचायतों और 483 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। पंच और सरपंच के चुनाव बैलेट पेपर से होंगे और मतदान के दिन ही मतगणना कर परिणाम जारी किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो गई है। Rajsamand Sarpanch Election



