
भीलवाड़ा। Shiv Mahapuran Katha Bhilwara वस्त्रनगरी के कावाखेड़ा स्थित शिवाजीनगर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का विशेष संगम देखने को मिलेगा। यहां स्थित श्री चारभुजा नाथ मंदिर प्रांगण में 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक भव्य श्री शिव महापुराण कथा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
कथा महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए मंदिर परिसर में आयोजन के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त एवं सेवा समिति के सदस्य मौजूद रहे। धर्म-पताका फहराने के साथ श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय चारभुजा नाथ’ के जयघोष लगाए। जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। पोस्टर विमोचन के पावन अवसर पर आयोजन समिति की ओर से कथा व्यास आचार्य पंडित गौरीशंकर शास्त्री महाराज को सनातन परंपरा के अनुसार श्रीफल, दुपट्टा एवं माला भेंट कर कथा वाचन के लिए सादर आमंत्रित किया गया। आचार्य पंडित गौरीशंकर शास्त्री 11 अक्टूबर से प्रतिदिन अपनी वाणी से श्रद्धालुओं को श्री शिव महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का श्रवण कराएंगे। कथा के दौरान शिव-पार्वती विवाह, द्वादश ज्योतिर्लिंगों की महिमा सहित भगवान शिव से जुड़े अनेक धार्मिक एवं जीवनोपयोगी प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
नवरात्रि में होगी शिव-शक्ति की आराधना
आयोजकों के अनुसार शारदीय नवरात्रि के पावन दिनों में आयोजित होने वाला यह नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन शिव-शक्ति की आराधना का विशेष अवसर प्रदान करेगा। कथा के साथ प्रतिदिन विशेष पूजन, अभिषेक एवं महाआरती सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
श्री चारभुजा सेवा समिति की ओर से धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं, माताओं एवं बहनों से कथा महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है। समिति ने श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में सहभागी बनकर श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।



