
Somnath Swabhiman Parv 2026 : सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 मई 2026, सोमवार को देशभर में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन कला एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
राजसमंद जिले में इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम श्री रामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित होगा। यहां श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक आयोजन के साथ राष्ट्रीय मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का ऑनलाइन लाइव प्रसारण राजस्थान सहित देशभर के प्रमुख शिवालयों में किया जाएगा। राजस्थान सरकार के कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग तथा देवस्थान विभाग द्वारा राज्यभर में इस पर्व को विशेष रूप से मनाने की तैयारियां की जा रही हैं। राज्य स्तरीय कार्यक्रम जयपुर स्थित झारखंड महादेव मंदिर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।
जन-जन तक पहुंचेगा सोमनाथ का गौरवशाली इतिहास
Somnath Temple Celebration Rajasthan : कला एवं संस्कृति विभाग की शासन सचिव श्रीमती शुचि त्यागी ने बताया कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का उद्देश्य सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर देवस्थान विभाग, कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम को भव्य और गरिमामयी बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
राज्य स्तर पर नियुक्त किए गए नोडल अधिकारी
Somnath Festival Live Telecast : कार्यक्रम के सफल संचालन और समन्वय के लिए कला एवं संस्कृति विभाग की उप शासन सचिव श्रीमती अनुराधा गोगिया को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं देवस्थान आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी 41 जिलों में प्रमुख शिवालयों में विशेष आयोजन किए जाएंगे। इसके लिए जिलेवार प्रभारी अधिकारियों की भी नियुक्ति कर दी गई है। देवस्थान आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि 11 मई को अपने निकटतम शिवालय में पहुंचकर इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण आयोजन का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और स्वाभिमान का प्रतीक है।

राजसमंद सहित 41 जिलों में होंगे विशेष आयोजन
Rajasthan Shiva Temples Special Program : राजस्थान के सभी जिलों में चयनित प्रमुख शिवालयों में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के तहत विशेष पूजा-अर्चना और लाइव प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी। राजसमंद जिले में यह आयोजन श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में होगा। इसके अलावा जयपुर के झारखंड महादेव मंदिर, उदयपुर के महाकालेश्वर महादेव, चित्तौड़गढ़ के मंगलेश्वर महादेव, भीलवाड़ा के हरनी महादेव, अजमेर के कोटेश्वर महादेव सहित प्रदेशभर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भागीदारी के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक चेतना का संदेश
Rajsamand Religious Event News : “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भारतीय इतिहास, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अभियान माना जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और नई पीढ़ी को भारत की सांस्कृतिक विरासत और सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।



