
Rajsamand Zila Pramukh Election : राजसमंद। जिला परिषद चुनाव में करीब एक दशक बाद पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में लौटी कांग्रेस के सामने अब जिला प्रमुख का चयन सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। चुनाव में 29 में से 17 सीटों पर जीत हासिल करने के बाद पार्टी के पास बहुमत तो है, लेकिन जिला प्रमुख पद के लिए किसी एक नाम पर सर्वसम्मति बनाना आसान नजर नहीं आ रहा।
इस बार कांग्रेस ने सभी 29 वार्डों में नए चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा था, जिनमें से 17 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। अब पार्टी के सामने सामाजिक समीकरण, क्षेत्रीय संतुलन और वरिष्ठ नेताओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त चेहरे का चयन करने की चुनौती है। जिला प्रमुख के साथ पंचायत समिति प्रधानों के नामों पर भी कांग्रेस में विचार-विमर्श का दौर शुरू हो गया है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी भी जिला प्रमुख के नाम पर चर्चा के लिए उदयपुर पहुंच चुके हैं। कांग्रेस के सामने सबसे अहम सवाल नाथद्वारा और भीम विधानसभा क्षेत्रों के बीच राजनीतिक संतुलन कायम करने का है। जिला प्रमुख पद को लेकर इन दोनों क्षेत्रों में पहले भी दावेदारी और खींचतान देखने को मिलती रही है। इस बार भी दोनों क्षेत्रों के नेताओं की नजर प्रतिष्ठित पद पर टिकी हुई है। कांग्रेस के 17 निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों में सामान्य वर्ग की महिला के रूप में केवल वार्ड 23 से हविया कुंवर ही हैं, जबकि शेष 16 सदस्य ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग से आते हैं। ऐसे में सामान्य वर्ग के उपयुक्त चेहरे का चयन करने के साथ पार्टी को सामाजिक समीकरणों का भी ध्यान रखना होगा। मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए पुरुष दावेदार के नाम पर सहमति बनने की संभावना अधिक जताई जा रही है।
25 नवंबर को होगा जिला प्रमुख का चुनाव
BJP Congress Political Fight Rajsamand : जिला प्रमुख के निर्वाचन की प्रक्रिया 25 नवंबर को पूरी होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे बैठक आयोजित होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे तथा 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 1 बजे तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मतदान दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। इसके बाद 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख का चुनाव होगा। वहीं 27 नवंबर को जिले की नौ पंचायत समितियों में प्रधान तथा 28 नवंबर को उपप्रधान के निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न होगी। इन चुनावों के साथ ही जिला परिषद और पंचायत समितियों में नई नेतृत्व व्यवस्था का गठन हो जाएगा।
भाजपा को बहुमत के लिए तीन सदस्यों की जरूरत
Rajasthan Panchayati Raj Election 2026 : दूसरी ओर जिला परिषद में भाजपा 12 सीटों के बहुमत के आंकड़े से तीन सदस्य पीछे रह गई है। ऐसे में पार्टी अब बहुमत जुटाने के लिए राजनीतिक समीकरण साधने में जुटी है। इसी रणनीति के तहत जिला प्रमुख पद के तीन दावेदारों को बाड़ेबंदी से बाहर रखा गया है, ताकि वे अपने स्तर पर अन्य सदस्यों का समर्थन हासिल करने का प्रयास कर सकें। सूत्रों के अनुसार वार्ड 7 से मदन सिंह, वार्ड 14 से नरहरि देव और वार्ड 17 से कर्णवीर सिंह को समर्थन जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। ये तीनों अपने स्तर पर बहुमत का आंकड़ा हासिल करने की कोशिश में लगे हैं। हालांकि भाजपा के सामने सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि जिला परिषद में कोई निर्दलीय सदस्य निर्वाचित नहीं हुआ है। ऐसे में पार्टी के पास समर्थन जुटाने के विकल्प काफी सीमित हैं। वहीं कांग्रेस ने अपने सभी 17 निर्वाचित सदस्यों को कड़ी बाड़ेबंदी में रखा है। ऐसी परिस्थितियों में भाजपा के लिए बहुमत तक पहुंचना आसान नहीं माना जा रहा है।

कुंभलगढ़ से भी पहली बार मजबूत दावेदारी
राजसमंद जिले में वर्ष 1995 से अब तक आठ जिला प्रमुख चुने जा चुके हैं। इनमें पांच बार भाजपा और तीन बार कांग्रेस को यह पद मिला है। कांग्रेस के कार्यकाल में राजसमंद, नाथद्वारा और भीम विधानसभा क्षेत्रों को जिला प्रमुख पद पर प्रतिनिधित्व मिल चुका है, लेकिन कुंभलगढ़ क्षेत्र अब तक इस अवसर से वंचित रहा है। इस बार कुंभलगढ़ क्षेत्र से जिला परिषद के दो सदस्यों की जीत के बाद यहां से भी जिला प्रमुख पद के लिए दावेदारी सामने आने लगी है। कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चारभुजा इलाके में आने वाले वार्ड 1 से कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मण गुर्जर की जीत को पार्टी की बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है। लंबे समय से भाजपा के प्रभाव वाली इस सीट पर करीब 30 साल बाद कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। इस परिणाम के बाद लक्ष्मण गुर्जर का नाम जिला प्रमुख पद के संभावित दावेदारों में प्रमुखता से लिया जा रहा है। इसके अलावा नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 12 से निर्वाचित अमरचंद गाडरी और भीम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 29 से जीते उदयसिंह भी दावेदारी की दौड़ में शामिल हैं। यदि कांग्रेस जिला प्रमुख पद के लिए महिला चेहरे को प्राथमिकता देती है तो वार्ड 10 की निहारिका राव, वार्ड 15 की सुंदर देवी कीर, वार्ड 19 की निरमा तेली और वार्ड 23 की हविया कुंवर के नामों पर भी विचार किया जा सकता है। इनमें हविया कुंवर सामान्य वर्ग से आने वाली कांग्रेस की एकमात्र महिला जिला परिषद सदस्य हैं। ऐसे में महिला प्रत्याशी को मौका देने की स्थिति में उनकी दावेदारी को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फिलहाल कांग्रेस में जिला प्रमुख के नाम को लेकर बैठकों और राजनीतिक चर्चाओं का दौर जारी है। अब सबकी निगाहें पार्टी नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं कि वह क्षेत्रीय संतुलन, सामाजिक समीकरण और राजनीतिक प्रभाव को ध्यान में रखते हुए किस चेहरे पर भरोसा जताता है।



