
जयपुर। Rajasthan Farmer Compensation : राजस्थान में सूखे की मार झेल रहे किसानों को राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी। फसल खराब होने पर पात्र किसानों को प्रति हेक्टेयर 8,500 रुपए का मुआवजा मिलेगा। एक किसान को अधिकतम दो हेक्टेयर भूमि के लिए सहायता दी जाएगी। इस तरह प्रत्येक पात्र किसान को अधिकतम 17 हजार रुपए की आर्थिक मदद मिल सकेगी।
यह सहायता उन किसानों को मिलेगी, जिनकी फसल में 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है। पात्र किसानों की पहचान के लिए तहसीलदार पटवारियों के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में सूची तैयार करवाएंगे। राज्य सरकार ने प्रदेश के 15 जिलों की 92 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित करते हुए कुल 9,321 करोड़ रुपए का राहत पैकेज घोषित किया है। मुआवजे की राशि प्राप्त करने के लिए किसानों के पास फार्मर आईडी होना और ई-केवाईसी पूरी होना अनिवार्य है। सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए भेजी जाएगी। कृषि विभाग ने किसानों के बैंक खातों को आधार और जन आधार से लिंक करवाने के निर्देश दिए हैं। जिन किसानों के बैंक खाते जन आधार से जुड़े नहीं हैं, उन्हें समय रहते इसकी प्रक्रिया पूरी करने के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि अनुदान भुगतान में किसी तरह की बाधा नहीं आए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में पात्र किसानों की सूची पोर्टल पर अपलोड नहीं होने या पोर्टल बंद होने के कारण कोई किसान सहायता से वंचित रहता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
केंद्र सरकार से मांगे जाएंगे 3,210 करोड़ रुपए
Rajasthan Farmers Crop Loss Compensation : कृषि विभाग के अनुसार सूखे के कारण प्रदेश में 41 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि पर फसलें प्रभावित हुई हैं। किसानों, पशुपालकों और आमजन को राहत देने के लिए करीब 3,210 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आवश्यकता बताई गई है। मुख्यमंत्री केंद्र सरकार से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (NDRF) के तहत जल्द सहायता राशि जारी करने का अनुरोध करेंगे।
फसल नुकसान का आकलन करने आएगी केंद्रीय टीम
आपदा प्रबंधन, राहत एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार नवंबर के अंत तक सूखे की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्र सरकार की टीम राजस्थान का दौरा करेगी। केंद्रीय टीम प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर किसानों को सहायता, तात्कालिक राहत उपायों और पुनर्वास से जुड़े पहलुओं पर अपनी सिफारिशें देगी। टीम के दौरे से सूखा प्रभावित किसानों के लिए केंद्र सरकार से आर्थिक सहायता मिलने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

किसान आयोग अध्यक्ष बोले- जल्द मिलेगा मुआवजा
Rajasthan Farmer Relief Scheme : राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी ने बताया कि फसल खराबे के मुआवजे के लिए गिरदावरी का काम तेजी से करवाया जा रहा है। आगामी एक महीने में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद फसल नुकसान के आकलन के आधार पर किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सूखा प्रभावित तहसीलों में चारा डिपो खोलने की व्यवस्था भी की जा रही है। चारा शिविरों में निराश्रित पशुओं के लिए पानी और चारे की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। राज्य सरकार संबंधित स्वयंसेवी संस्थाओं और गौशालाओं के सहयोग से इन शिविरों का संचालन करवाएगी। पशुओं के लिए चारा और पानी की व्यवस्था के तहत छोटे पशुओं के लिए प्रतिदिन 60 रुपए तथा बड़े पशुओं के लिए 100 रुपए दिए जाएंगे। जिन क्षेत्रों में इसकी आवश्यकता होगी, वहां जिला कलेक्टर स्थिति के अनुसार निर्णय लेंगे।
इस साल मानसून में सामान्य से 15 प्रतिशत कम बारिश
Rajasthan Kisan Muawza Latest News : इस साल देशभर में मानसून के दौरान सामान्य से करीब 15 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। यह पिछले 17 वर्षों में सबसे कम बारिश का आंकड़ा बताया गया है। इससे पहले वर्ष 2009 में सामान्य से 18.3 प्रतिशत कम वर्षा हुई थी। राजस्थान में भी इस बार करीब 18 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने मानसून पूर्वानुमान में अल नीनो के प्रभाव के चलते कमजोर और छिटपुट बारिश की आशंका जताई थी। मानसून के दौरान यह अनुमान काफी हद तक सही साबित हुआ। मानसूनी बादलों का रुख मैदानी इलाकों से हटकर उत्तर में हिमालयी क्षेत्रों की ओर होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का वितरण असमान रहा। भले ही कुल बारिश में कमी का आंकड़ा सीमित दिखाई दे, लेकिन कई इलाकों में नाममात्र की वर्षा होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
बांधों में कम पानी, सिंचाई के लिए बढ़ेंगी मुश्किलें
Rajasthan Farmer DBT Payment Update : कम बारिश का असर अब पेयजल और सिंचाई व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। पिछले साल मानसून के बाद राजस्थान के बांधों में जलभराव करीब 90.5 प्रतिशत था, जबकि इस बार मानसून के बाद यह घटकर लगभग 62 प्रतिशत रह गया है। जलस्तर में गिरावट से किसानों के सामने आगामी फसलों की सिंचाई का संकट खड़ा हो सकता है। वहीं, पेयजल की जरूरत पूरी करने के लिए सरकार को अतिरिक्त संसाधन और बजट खर्च करना पड़ सकता है। आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों ने पाली सहित कुछ जिलों में जरूरत पड़ने पर पानी की ट्रेन चलाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में पाली में पेयजल संकट के दौरान जोधपुर से पानी की ट्रेन भेजी गई थी।



