
राजसमंद. leopard CCTV video : शहर के महावीर नगर कॉलोनी के एक मकान के बरामदे में गुरुवार अल सुबह पैंथर आकर बैठ गया। घर से महिला बाहर निकल, तो पैंथर को देख चीख पड़ी। तभी पड़ोसी का जर्मन शेफर्ड डॉग दौड़कर आया, तो पैंथर तालेड़ी नदी की तरफ भाग गया। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फिर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्रीय लोगों को सतर्क रहने की नसीहत दी है। साथ ही वन विभाग ने विशेष गश्ती टीम तैनात कर दी।
वन विभाग के रेंजर सत्यानंद गरासिया ने बताया कि महावीर नगर कॉलोनी के एक घर के दरवाजे के बाहर परिसर में पैंथर आकर बैठ गया। सुबह जैसे ही महिला घर से बाहर निकली, तो पैंथर को देखकर चीख पड़ी। फिर आस पड़ोस के लोग दौड़कर आए, तभी पड़ोसी भंवरसिंह चुंडावत का जर्मन शेफर्ड डॉग भी साथ में दौड़कर आया और वह भोंकते हुए पैंथर पीछे दौड़ पड़ा। भागते हुए पैंथर तालेड़ी नदी की झाड़ियों में ओझल हो गया। यह पूरी घटना महावीर कॉलोनी के मकानाें पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बाद में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। वन विभाग की रेस्क्यू टीम के प्रभारी रेंजर सत्यानंद गरासिया, वन रक्षक अटल, योगेंद्र, पन्नालाल कुमावत आदि मौके पर पहुंच गए। फिर पैंथर की तलाश शुरू की, मगर पता नहीं चल सका। वन अधिकारियों ने क्षेत्रीय लोगों को सतर्क व सावधान रहने की नसीहत दी है। वन विभाग का लगातार सर्च जारी है। महावीर कॉलोनी के अक्षय शर्मा ने बताया कि पैंथर एक सूने मकान में दुबका था। सबसे पहले महिला की नजर उस पर पड़ी। अगर महिला अचानक पैंथर के बिल्कुल करीब पहुंच जाती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में डर व दहशत व्याप्त है।


वन विभाग ने लोगों को किया अलर्ट
Rajsamand panther news : वन विभाग के रेंजर सत्यानंद गरासिया ने गश्त के दौरान लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है। खास तौर से महावीर नगर के अलावा सुशील नगर, 100 फीट रोड, धोइंदा, जावद व किशोर नगर से रामेश्वर महादेव रोड तक की कॉलोनी के लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। लोगों को अकेले सुनसान इलाकों में जाने से बचने और पैंथर दिखाई देने पर उसके करीब जाने के बजाय वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है। Panther in house Rajsamand
पहले भी कई बार दिख चुका है पैंथर

Leopard spotted in Rajsamand : राजसमंद शहर के नौचोकी पाल के सामने अन्नपूर्णा माता मंदिर की पहाड़ी पर पैंथर के विचरण की आए दिन तस्वीरें सामने आती रहती है। इसके अलावा जेके कॉलोनी, जेके सर्कल व धोइंदा क्षेत्र में भी पैंथर के विचरण की तस्वीरें सामने आ चुकी है।



