
राजसमंद। RGHS protest Rajsamand “: राज्य सरकार की आरजीएचएस (राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम) व्यवस्था में लगातार आ रही व्यवहारिक परेशानियों, बार-बार नियमों में बदलाव तथा चिकित्सा सुविधाओं में आ रही बाधाओं से नाराज पेंशनर्स ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राजस्थान पेंशनर समाज के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त राजकीय कर्मचारी सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया।
Rajasthan Pensioners Society protest : सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने महाराणा प्रताप उद्यान से आक्रोश रैली की शुरुआत की। हाथों में बैनर और नारों के साथ पेंशनर्स जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। रैली के दौरान “आरजीएचएस व्यवस्था सुधारो” और “पेंशनर्स को चिकित्सा सुविधा दो” जैसे नारे गूंजते रहे। रैली का नेतृत्व संगठन के जिला अध्यक्ष पारसमल पितलिया और जिला मंत्री गिरिजा शंकर पालीवाल ने किया। बड़ी संख्या में विभिन्न तहसीलों से आए पेंशनर्स भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेश कुमार बुनकर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरजीएचएस पोर्टल, दवा उपलब्धता, अस्पतालों में इलाज की प्रक्रिया तथा जांच सुविधाओं में आ रही दिक्कतों को विस्तार से बताया गया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर बुनकर ने विभिन्न तहसीलों से आए पदाधिकारियों से भी व्यवहारिक समस्याओं की जानकारी ली और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

सभा में सरकार पर साधा निशाना
RGHS scheme issues Rajasthan : ज्ञापन सौंपने के बाद आरके गार्डन में एक सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष पारसमल पितलिया, जिला मंत्री गिरिजा शंकर पालीवाल, उप शाखा अध्यक्ष पर्वत सिंह शक्तावत (रेलमगरा), रमेश कंसारा (देवगढ़), सुमन लाल आमेटा (खमनोर), जगदीश सोनी (नाथद्वारा) तथा रामगोपाल त्रिपाठी (भीम) ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्षों तक कर्मचारियों से करोड़ों रुपए की कटौती करने के बावजूद सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें उचित चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग पेंशनर्स को अस्पतालों और पोर्टल संबंधी प्रक्रियाओं में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
“व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन होगा तेज”
सभा में कर्मचारी नेता रामचंद्र पालीवाल, राजाराम उपाध्याय, शिला पोखरना और दिनेश श्रीमाली ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि आरजीएचएस व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। जिला मंत्री गिरिजा शंकर पालीवाल ने कहा कि पेंशनर्स अब चुप बैठने वाले नहीं हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि चिकित्सा, जांच और दवा सुविधा को सरल एवं प्रभावी बनाया जाए ताकि बुजुर्गों को राहत मिल सके।
कवियों ने भी उठाई आवाज
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कवि शाबीर हुसैन शुक्रिया और विजय सिंह राव ने काव्य पाठ प्रस्तुत किया। अपनी कविताओं के माध्यम से उन्होंने सरकारी व्यवस्थाओं की कमियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के संघर्ष, जोश और आत्मसम्मान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।



