
राजसमंद । Rajsamand Panchayat Election Result : पंचायत चुनाव की मतगणना से ठीक पहले जिला परिषद के 29 वाडों में सियासी समीकरणों और बाड़ेबंदी को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता तेज हो गई है। शुक्रवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होने वाली मतगणना से पहले जुटाए गए फील्ड आकलन में भाजपा 16 और कांग्रेस 9 वार्डों में मजबूत स्थिति में बताई जा रही है, जबकि 4 वार्डों में कांटे की टक्कर है। इनमें से 2 वाडों में त्रिकोणीय मुकाबला होने से परिणाम रोचक रहने की संभावना है।
इस बार मतदान से लेकर 25 नवंबर को होने वाले जिला प्रमुख और 27 नवंबर के प्रधान चुनाव तक 24 से 30 दिन का लंबा अंतराल होने के कारण दोनों प्रमुख दलों के सामने अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने की चुनौती है। संभावित सेंधमारी और भीतरघात रोकने के लिए भाजपा ने अपने प्रत्याशियों को कुंभलगढ़ और कांग्रेस ने माउंट आबू के कैंपों में भेज दिया है, जहां प्रत्याशियों के मोबाइल उपयोग पर भी पाबंदी लगाई गई है। जिले की 9 पंचायत समितियों में 22 अक्टूबर और 28 अक्टूबर को हुए मतदान के बाद दीपावली के त्योहार के कारण बाड़ेबंदी रुकी हुई थी, जिसे मंगलवार देर शाम तक पूरा कर लिया गया। 29 सदस्यीय जिला परिषद के वार्डवार आकलन में भाजपा को वार्ड 2, 3, 4, 9, 11, 12, 14, 16, 17, 18, 19, 20, 21, 22, 26 और 27 में मजबूत माना जा रहा है। वहीं, कांग्रेस को वार्ड 5, 6, 8, 10, 23, 24, 25, 28 और 29 में बढ़त की स्थिति में देखा जा रहा है। वार्ड 1, 7, 13 और 15 में बराबरी का मुकाबला है। इनमें वार्ड 13 और 15 में कुमावत समाज के मजबूत प्रत्याशियों के मैदान में होने से त्रिकोणीय मुकाबला बन गया है। कुमावत समाज को कुल तीन वार्डों में टक्कर में माना जा रहा है। भाजपा ने पूरे संगठन और बड़े नेताओं को जातीय समीकरणों के हिसाब से सभाओं और जनसंपर्क में झोंका । कांग्रेस में चुनाव प्रबंधन कमजोर रहा। किसी बड़े नेता के परिजन को मैदान में नहीं उतारा गया।

लंबा अंतराल बढ़ा रहा चिंता
Rajsamand Zila Parishad Election : इस चुनावी प्रक्रिया में मतदान और प्रमुख पदों के निर्वाचन के बीच का लंबा अंतराल पार्टियों के लिए बड़ी परीक्षा साबित हो रहा है। वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में परिणाम आने के महज 4 दिन बाद ही प्रधान और जिला प्रमुख का चुनाव हो गया था। दलों को केवल 5 दिन ही बाड़ेबंदी करनी पड़ी थी। इस बार मतगणना के बाद भी विजयी सदस्यों को 7 दिन तक खेमे में बनाए रखना होगा। भाजपा और कांग्रेस के जिला प्रमुख पद के कथित दावेदार खुद चुनावी संघर्ष में फंसे हैं। वरिष्ठ नेता बयानबाजी से बच रहे हैं। कशमकश की स्थिति में निर्दलीय प्रत्याशी किंगमेकर बन सकते हैं। उधर, प्रशासन ने 20 नवंबर को होने वाली मतगणना के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन में सभी 9 पंचायत समितियों के लिए अलग-अलग कक्ष, स्ट्रांग रूम और टेबल आवंटित कर दिए हैं। सभी अधिकारियों व कार्मिकों को सुबह 7 बजे से पहले मतगणना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। Rajsamand Political News 2026
4 में भाजपा, 3 में कांग्रेस और 2 पंचायत समितियों में टक्कर की संभावना
Rajsamand BJP Congress Election : जिले में 9 पंचायत समितियां हैं। फील्ड से जुटाए गए आकलन में भाजपा के पास 4 और कांग्रेस के पास 3 पंचायत समितियां आने की संभावना जताई गई है। कुंभलगढ़, चारभुजा, राजसमंद और देलवाड़ा भाजपा के पाले में बताई जा रही हैं। भीम, देवगढ़ और खमनोर को कांग्रेस के लिए मजबूत माना जा रहा है। हालांकि, आमेट और रेलमगरा के परिणाम में टक्कर की संभावना जताई जा रही है। परिणाम किसी भी पाले में जा सकते हैं। Rajsamand Zila Pramukh Election
एक्सपर्ट व्यू
लंबा अंतराल ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ और भीतरघात का खतरा बढ़ाता है
मतगणना और प्रमुख पदों के चुनाव के बीच 5 से 7 दिन का अंतर राजनीतिक दलों के लिए सबसे संवेदनशील समय होता है। यदि किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत (15 से अधिक सीटें) नहीं मिलता है और आंकड़ा 13-14 पर अटकता है, तो निर्दलीय सदस्यों के साथ-साथ असंतुष्ट विजयी प्रत्याशियों के पाला बदलने की आशंका बढ़ जाती है। इस बार दोनों दलों के प्रमुख दावेदारों की सीटों पर कड़ा मुकाबला होने से परिणाम के बाद जोड़-तोड़ की राजनीति तेज होने के पूरे आसार हैं।
वहाब खान, राजनीतिक विश्लेषक
भाजपा- कांग्रेस जिलाध्यक्ष का क्या कहना है
पार्टी स्पष्ट बहुमत के साथ जिला परिषद में अपना बोर्ड बनाने जा रही है। हमें 20 से अधिक सीटें मिलने का पूरा भरोसा है।
– जगदीश पालीवाल, जिलाध्यक्ष
जनता का समर्थन कांग्रेस के साथ है। चुनाव परिणामों में हम 15 से ज्यादा सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल करेंगे।
– आदित्य प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष कांग्रेस
ऐसे होता है जिला प्रमुख और प्रधान का चुनाव
त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था में जिला परिषद सदस्यों और पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव जनता सीधे मतदान (प्रत्यक्ष निर्वाचन) के जरिए करती है। जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान का चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से होता है। मतगणना के बाद निर्वाचित हुए 29 जिला परिषद सदस्य बहुमत (15 या उससे अधिक वोट) के आधार पर अपने बीच से जिला प्रमुख चुनते हैं। इसी तरह प्रत्येक पंचायत समिति के निर्वाचित सदस्य बहुमत से अपने प्रधान का चुनाव करते हैं। इस प्रक्रिया में पार्टी व्हिप और क्रॉस वोटिंग रोकने के लिए ही दल बाड़ेबंदी का सहारा लेते हैं।



