
राजसमंद : Rajsamand election 2026 : नगर परिषद चुनाव में इस बार राजसमंद के मतदाताओं ने पिछले 20 साल का मतदान रिकॉर्ड तोड़ दिया। परिषद के 45 वार्डों में कुल 45,156 मतदाताओं में से 36,660 ने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल मतदान 81.19 प्रतिशत रहा। वर्ष 2006 में 71.45 प्रतिशत, 2011 में 73.50 प्रतिशत और 2021 में 75.69 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार पिछले चुनाव के मुकाबले मतदान में करीब 5.5 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है।
खास बात यह रही कि 5 वार्डों में मतदान 90 प्रतिशत से अधिक रहा, जबकि 23 वार्डों में 80 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने वोट डाला। वार्ड 9 में सबसे ज्यादा 95.07 प्रतिशत और वार्ड 11 में सबसे कम 67.21 प्रतिशत मतदान हुआ। यानी दोनों वाडों के मतदान प्रतिशत में 27.86 प्रतिशत अंक का अंतर रहा। रिकॉर्ड मतदान के बाद अब भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों के साथ समर्थकों की नजरें मतगणना पर टिक गई हैं। प्रत्याशी बूथवार मतदान के आंकड़ों से अपने-अपने पक्ष में गणित बैठा रहे हैं। हालांकि ज्यादा मतदान का फायदा किसे मिला और मतदाताओं का रुझान किसके पक्ष में गया, इसका फैसला मतगणना के बाद ही होगा।
मतदान में पुरुष मतदाताओं की भागीदारी महिलाओं से अधिक रही
Rajsamand voting 2026 : मतदान में वार्ड 9 सबसे आगे रहा। यहां 831 मतदाताओं में से 790 ने वोट डाला। मतदान प्रतिशत 95.07 रहा। इसके बाद वार्ड 14 में 975 में से 896 मतदाताओं ने मतदान किया और प्रतिशत 91.90 रहा। वार्ड 8 में 798 में से 733 मतदाताओं ने वोट डाला, जिससे मतदान 91.85 प्रतिशत रहा। वार्ड 1 में 1,036 में से 939 मतदाताओं ने मतदान किया और प्रतिशत 90.64 रहा। वहीं वार्ड 2 में 904 में से 818 वोट पड़े और मतदान 90.49 प्रतिशत दर्ज हुआ। इस तरह पांच वार्डों में मतदान का आंकड़ा 90 प्रतिशत से पार रहा।

7 वार्डों में 75% से कम मतदान, वार्ड 11 सबसे पीछे
Rajsamand ward wise voting : दूसरी ओर कुछ वार्डो में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा। वार्ड 26 में 74.71, वार्ड 33 में 74.37, वार्ड 28 में 72.63, वार्ड 21 में 70.88, वार्ड 31 में 70.58 और वार्ड 15 में 69.86 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे कम मतदान वार्ड 11 में रहा। यहां 67.21 प्रतिशत मतदाताओं ने ही वोट डाला। वहीं सबसे ज्यादा मतदान वार्ड 9 में 95.07 प्रतिशत रहा। इस तरह दोनों वार्डों के बीच 27.86 प्रतिशत अंक का अंतर रहा। इससे साफ है कि अलग-अलग वार्डो में मतदान को लेकर मतदाताओं का उत्साह एक जैसा नहीं था।
पुरुषों ने महिलाओं से 3.23 प्रतिशत अंक ज्यादा मतदान किया
Rajsamand ward 11 voting : मतदान में पुरुष मतदाताओं की भागीदारी महिलाओं से अधिक रही। 23,024 पुरुष मतदाताओं में से 19,057 ने वोट डाला। पुरुष मतदान प्रतिशत 82.77 रहा। वहीं 22, 131 महिला मतदाताओं में से 17,602 ने मतदान किया और महिला मतदान प्रतिशत 79.54 रहा। इस तरह पुरुषों का मतदान प्रतिशत महिलाओं से 3.23 प्रतिशत अंक अधिक रहा। एक थर्ड जेंडर मतदाता ने भी मतदान किया।
23 वार्डों में 80 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग, कई वार्ड 85 प्रतिशत के पार
Rajsamand election result : 80 प्रतिशत से अधिक मतदान वाले वार्डों में वार्ड 3 में 89.81 प्रतिशत, वार्ड 4 में 89.68, वार्ड 39 में 89.35 और वार्ड 16 में 89.20 प्रतिशत मतदान हुआ। वार्ड 6 में 87.73, वार्ड 37 में 87.27, वार्ड 32 में 86.83 और वार्ड 45 में 86.56 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला। इसी तरह वार्ड 41 में 84.96, वार्ड 10 में 84.88, वार्ड 24 में 84.22 वार्ड 23 में 84.01, वार्ड 40 में 83.76 और वार्ड 29 में 83.64 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। वार्ड 44 में 82.93, वार्ड 43 में 81.56 और वार्ड 30 में 81.40 प्रतिशत मतदान हुआ। 80 प्रतिशत के आसपास रहने वाले वार्डों में वार्ड 25 में 80.85, वार्ड 13 में 80.84, वार्ड 34 में 80.75, वार्ड 36 में 80.72 और 38 में 80.36 प्रतिशत मतदान हुआ। यानी बड़ी संख्या में वाडों में मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया।
81.19% वोटिंग ने बढ़ाई प्रत्याशियों की धड़कनें
राजसमंद नगर परिषद में 81.19 प्रतिशत मतदान इस चुनाव की सबसे बड़ी खासियत बनकर सामने आया है। खासकर पांच वार्डों में 90 प्रतिशत से अधिक और 23 वार्डों में 80 प्रतिशत से अधिक मतदान ने चुनावी मुकाबले को रोचक बना दिया है। अब बड़ा सवाल यह है कि बढ़े हुए मतदान का फायदा किसे मिला। क्या ज्यादा वोटिंग किसी पार्टी के पक्ष में गई या निर्दलीय प्रत्याशियों ने सेंध लगाई, इसका जवाब मतगणना के बाद ही मिलेगा।



