
राजसमंद. Rajsamand Protest News जिले में देवगढ़ थाना क्षेत्र के कामलीघाट के पास सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद बग्गड़ स्थित हॉस्पिटल में मुआवजे की मांग को लेक धरने के दौरान पथराव व लाठीचार्ज से बिगड़े हालात के बाद रविवार को दूसरे दिन भी हालात तनावपूर्ण बने रहे। बग्गड़ गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया, जहां 3 एएसपी, 3 डीएसपी समेत 15 थानेदारों के साथ भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया। सुबह से शाम तक वार्ता का दौर चलता रहा और आखिर में भीम विधायक हरिसिंह रावत ने मोबाइल से दखल देते हुए 4 लाख रुपए के मुआवजे पर सहमति बन गई। अब शव का पैतृक गांव लाखागुड़ा में पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में अंतेष्टी जारी है।
एसपी हेमंत कलाल ने बताया कि लाखागुड़ा के राजूसिंह की मौत के बाद सुबह ग्रामवासी लाखागुड़ा गांव में एकत्रित होने लगे। कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर एएसपी महेंद्र पारीक के नेतृत्व में 15 थानेदारों के साथ विशेष पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया। फिर ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल से अलग अलग दौर में वार्ता की गई। आखिर में ग्रामवासी शव के पोस्टमार्टम पर सहमत हो गए। देवगढ़ थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि स्तुति हॉस्पिटल से दो लाख और भीम विधायक हरिसिंह रावत ने दो लाख रुपए की सहायता राशि पीड़ित परिवार को दी। इसके साथ ही शव का पोस्टमार्टम करवा दिया। फिर लाखागुड़ा गांव में पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा है।

पहले दिन यूं चला था घटनाक्रम

Rajsamand Stone Pelting : देवगढ़ थाना प्रभारी मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि लाखागुड़ा निवासी राजूसिंह पुत्र नारायणसिंह रावत कार से कामलीघाट की तरफ जा रहा था, तभी रात को डिवाइडर से टकराकर वह गंभीर घायल हो गया। बाद में उन्हें अनन्ता हॉस्पिटल ले गए, जहां उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। फिर शव को परिजन वापस स्तुति हॉस्पिटल ले आए, जहां बड़ी तादाद में ग्रामीण और उनके रिश्तेदार भी पहुंच गए। मृतक राजूसिंह इसी स्तुति हॉस्पिटल में वार्ड बॉय की नौकरी करता था। इसलिए लोग उसके परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजा दिलाने की मांग करने लगे, मगर अस्पताल प्रबंधन ने इतनी राशि देने से इनकार कर दिया। इस बीच भीम पूर्व उप प्रधान नारायणसिंह रावत सहित कई लोग बाहर एकत्रित हुए। इस पर पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कहते हुए नारायणसिंह सहित कुछ लोगों को पुलिस कार में बिठा दिया। इससे वहां खड़े लोग उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठियां फटकार लोगों को वहां से खदेड़ दिया।
बग्गड़ गांव बना पुलिस छावनी, 3 ASP समेत 12 थानों का जाब्ता तैनात

Devgarh News : राजसमंद जिले में देवगढ़ थाना क्षेत्र के बग्गड़ गांव रविवार को पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। दरअसल लाखागुड़ा निवासी राजूसिंह रावत की सड़क हादसे में मौत के बाद स्तुति हॉस्पिटल के बाहर पथराव व लाठीचार्ज के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। इस पर राजसमंद से एएसपी महेंद्र पारीक, एएसपी रजत विश्नोई, एएसपी बंशीलाल, भीम डीएसपी राकेश वर्मा, डीएसपी श्यामसिंह समेत भीम, देवगढ़, दिवेर, चारभुजा, केलवाड़ा, आमेट, केलवा, राजनगर, नाथद्वारा, खमनोर, देलवाड़ा व रेलमगरा थानों का जाब्ता तैनात कर दिया। इसके अलावा रिजर्व पुलिस लाइन से भी पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता पहुंच गया। Rajsamand Police स्तुति हॉस्पिटल, उप जिला चिकित्सालय देवगढ़ तक भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस फोर्स की तैनाती व पुलिस अधिकारियों की सुझबुझ से ग्रामीणों से वार्ता हुई और 4 लाख रुपए के मुआवजे पर सहमति बन गई। भीम विधायक हरिसिंह रावत ने भी मोबाइल पर अधिकारियों व ग्रामीणों से संपर्क करते हुए मामला शांत कराया।
पूर्व विधायक सुदर्शन बोले- निष्पक्ष जांच करें पुलिस

Raju Singh Rawat Death : भीम पूर्व विधायक सुदर्शनसिंह रावत ने कहा कि बग्गड़ में युवक की मौत के बाद जिस तरह के हालात बने हैं, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। इसमें कुछ लोगों की गलती हो सकती है, मगर पुलिस के कुछ अधिकारी भी दोषी है, जिनका भी एसपी संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करें। भीम क्षेत्र में अराजकता के हालात उत्पन्न हो गए हैं, जो ठीक नहीं है।



